जम्मू। पुलिस की विशेष जांच टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर से चोरी हुए ट्रक को 13वें दिन अखनूर से बरामद कर लिया है। वहीं, चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर एक चोरी किया गया टैंकर भी बरामद हुआ है। मामले में पूछताछ जारी है। आरोपियों की पहचान कमल किशोर निवासी बजालता (उधमपुर) और करुण निवासी टिकरी (उधमपुर) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च को शहर के ट्रांसपोर्ट नगर से ट्रक (जेके02बीजी 5942) चोरी हो गया था, जिसकी शिकायत नरवाल पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के दौरान दो लोगों की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान की गई। इस संबंध में बजालता (उधमपुर) निवासी कमल किशोर को अखनूर से गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी के ट्रक को बरामद कर लिया। कमल से पूछताछ में बताया कि इस मामले में टिकरी (उधमपुर) निवासी करुण वर्मा भी शामिल है। पुलिस ने करुण को टिकरी से गिरफ्तार किया। दोनों से अन्य पूछताछ करने पर पता चला कि पिछले साल उधमपुर से टैंकर (जेके02एजी 3754) को भी इन्होंने ही चोरी किया था। यह टैंकर उधमपुर से बरामद किया गया।
दोनों नशेड़ी, नशे की लत को पूरा करने के लिए करते हैं चोरी
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि यह दोनों नशेड़ी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए चोरियों को अंजाम देते हैं। इन लोगों ने दर्जनों चोरियां की हैं। इनमें वाहन, वाहनों की बैटरियां और टायर शामिल हैं।