जम्मू। रिजर्व बैंक आफ इंडिया जम्मू में कार्यरत सहायक कर्मी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह से लापता बैंककर्मी का शव शाम को नेशनल हाइवे सिद्धड़ा के पास कार में मिला। अमित त्रिकुटा नगर का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमित कुमार (28) आरबीआई में तैनात था। बुधवार सुबह वह 9 बजे के आसपास घर से बैंक के लिए निकला। कुछ देर बाद पता चला कि वह बैंक पहुंचा ही नहीं। उसका फोन भी बंद आ रहा था। परिवार ने तलाश की लेकिन नहीं मिला। दोपहर तीन बजे अमित की बहन त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन पहुंची और अमित के लापता होने की सूचना दर्ज कराई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने बैंक में पता किया और पता चला कि वह आज बैंक आया ही नहीं। पुलिस ने जम्मू जिले के हर एक बॉर्डर प्वाइंट के नाके पर अमित की फोटो और गाड़ी का नंबर भेजा। अमित के मोबाइल नंबर की लोकेशन जांची तो सिद्धड़ा की तरफ मिली। पुलिस सिद्धड़ा पहुंची तो अमित की वैगनर कार सड़क किनारे महामाया मंदिर के पास मिली। पुलिस के मुताबिक कार अंदर से लॉक थी। अमित ड्राइवर सीट पर लुढ़का हुआ था। पुलिस ने किसी तरह कार का दरवाजा खुलवाया और अमित के परिजनों को सूचित किया। अमित को जीएमसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का इकलौता बेटा था अमित
जानकारी के अनुसार अमित बहुुत ही मीठे स्वभाव का था। बताया जाता है कि दो बैंकों में नौकरी करने के बाद उसे आरबीआई में नौकरी मिली थी। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।
स्कूटी सवार महिला को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत
जम्मू। गंग्याल क्षेत्र में काम से लौट रही स्कूटी सवार महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को जीएमसी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अकलपुर पौनी चक की रहने वाली सोनिया डोगरा बाड़ी ब्राह्मणा में एक स्टील फैक्ट्री में काम करती थी। बुधवार शाम 5 बजे छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रही थी। तभी कुंजवानी के पास एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि स्कूटी को टक्कर लगने के बाद सोनिया ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गई। इससे वह बुरी तरह से कुचली गई और मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि उसे जीएमसी ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। सोनिया के दो बच्चे हैं।