जम्मू। सीएमएस कंपनी के मुलाजिम से 20 लाख की नकदी लूटने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 21 सितंबर को लूटी गई नकदी में से 13 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए दो आरोपियों में से एक सीएमएस कंपनी का ही मुलाजिम है, जिसने साथी के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस आरोपियों तक पहुंची। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है।
एसपी पीडी नित्या ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 21 सितंबर को सीएमएस कंपनी में काम करने वाले दीपक मखियाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उस दिन उसने मोनालिजा और निपोन कंपनी से 20.12 लाख रुपये इकट्ठे किए थे। इसे जमा कराने वह बैंक जा रहा था। राजपुरा चुंगिया शमशान घाट के पास दो युवक उससे पैसों से भरा बैग छीनकर भाग गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें जेके 21-6950 बाइक को संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने बाइक के चालक विजय कुमार निवासी तोफ शेरखानियां को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने लूटपाट में शामिल होना कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर नागबनी के रहने वाले नीरज मन्हास को भी दबोचा, जो सीएमएस कंपनी में ही काम करता है। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन नीरज ने ही कैश जमा कराने जाना था, लेकिन वह किसी बहाने से नहीं गया। नीरज ने ही लूटपाट की योजना बनाई थी।
जुए ने बना दिया झपटमार
पुलिस जांच में सामने आया कि सीएमएस कंपनी में काम करने वाले नीरज को जुआ खेलने की लत है। इसी लत ने उसे झपटमार बना दिया।
महिला से 35 हजार लूटने वाला भी दबोचा
जम्मू। सिटी नॉर्थ पुलिस ने शहर में चोरी और झपटमारी के दो और मामले सुलझाने का दावा किया है। लास्ट मोड़ गांधी नगर की मधु कोहली ने बख्शी नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि झपटमारों ने उसका मोबाइल फोन और पर्स में रखे 35 हजार रुपये झपट लिए। पुलिस ने जांच के दौरान जीवल के रहने वाले मूसा को पकड़ा। उससे पुलिस ने 35 हजार नकदी और चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशेड़ी हैं। नशे की पूर्ति के लिए झपटमारी करता है। दूसरे मामले में रिहाड़ी के रहने वाले मोहन लाल का मोबाइल चोरी करने के आरोपी भी पकड़ा है। आरोपी उस्ताद मोहल्ला के रहने वाले ज्योति प्रकाश से मोबाइल बरामद हो गया।