जम्मू। शहर के नरवाल क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक दुकान में घुस गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान किसी भी सिलेंडर में आग नहीं लगी और धमाका नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलेंडरों से लदा एक ट्रक नरवाल में किसी तकनीकी खराबी को ठीक कराने पहुंचा था। क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और चालक ने ट्रक को सीधे एक दुकान के बीच में घुसा दिया। संयोगवश हादसे के दौरान दुकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। साथ ही हादसे में चालक भी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सिलेंडरों को बाहर निकाला गया। ब्यूरो
बैंक का एटीएम तोड़ने का प्रयास
जम्मू। शहर के त्रिकुटा नगर में एक एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया। बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम की मशीन को खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन चोर इसमें सफल नहीं हो सके। शुक्रवार को कुछ लोग एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे, तो इसकी जानकारी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो
सात ग्राम हेरोइन के साथ एक काबू
जम्मू। सतवारी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस का केस दर्ज किया गया है। आरोपी मोहम्मद जमील के पास से पुलिस ने सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। शुक्रवार को पुलिस की ओर से नाका लगाया गया था। यहां आरोपी को पूछताछ के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।