जम्मू। शहर में दो सड़क हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि दो महिला कांस्टेबल घायल हो गईं। पहला हादसा शहर के वेयर हाउस में सोमवार को हुआ। एक बेकाबू बस ने बाइक सवार को कुचल दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक तिलक राज बठिंडी का रहने वाला था। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा है।
उधर, पुलिस मुख्यालय के पास सोमवार को एक कार ने दो महिला कांस्टेबलों को टक्कर मार दी। कांस्टेबल सीमा देवी बाबे तालाब की और रत्नो देवी मीरां साहिब की रहने वाली हैं। दोनों आईआर 15 बटालियन में तैनात हैं। हादसे के समय दोनों पैदल ही जा रही थीं। दोनों को जीएमसी में भर्ती कराया गया है।
तवी में एक और युवक कूदा, पुलिस और लोगों ने बचाया
जम्मू। तवी नदी में एक और युवक ने कूद कर जान देने की कोशिश की, हालांकि उसे बचा लिया गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेब से मिले आईकार्ड से उसकी पहचान हुई।
चिन्नौर के रहने वाले संदीप कुमार ने सोमवार दोपहर तवी नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान उसे कुछ लोगों ने देख लिया और शोर मचाया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि अभी एक हफ्ता पहले ही जानीपुर के रहने वाले एक युवक ने तवी में कूद कर जान दे दी थी। तीसरे दिन युवक का शव बरामद हुआ था। एक हफ्ते के भीतर ही तवी में कूदने का यह दूसरा मामला है।