दोमाना के वार्ड नंबर 32 के मुंशी चक क्षेत्र में मरम्मत के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह 10 बजे की है। परिजनों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद की गई थी, लेकिन जेडीए के कर्मी ने बिजली ऑन कर दी, जिससे दर्शन लाल (42) करंट लगने से झुलस गया। भड़के परिजनों ने दोपहर एक बजे गोल गुजराल सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। बिजली विभाग और जेडीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरना तीन बजे तक चला। जिससे दो घंटे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पीछे से बिजली ऑन करने वाले कर्मी व एक अन्य मजदूर को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने कहा कि लाइनमैन दर्शन लाल बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा था। इस दौरान ट्रांसफार्मर से बिजली बंद की गई थी, लेकिन जेडीए के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।