जम्मू। आरएस पुरा में महिला को जेसीबी दिलाने के नाम पर साढ़े 23 लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपियों के घर क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की। इस दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। हालांकि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। तीनों फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मंगलवार और बुधवार को क्राइम ब्रांच ने आरएस पुरा के भाऊ गांव में कुलबीर सिंह, गांधी नगर के नरोत्तम सिंह और डिग्याना के कुलरंजन शर्मा के घरों में दबिश दी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि तीनों आरोपियों ने आरएस पुरा की रहने वाली एक महिला से 2017 में जेसीबी दिलाने के नाम पर ठगी की है। बलदीप कौर ने क्राइम ब्रांच के पास शिकायत दी थी कि जेसीबी खरीदकर देने के नाम पर उससे ठगी की गई है। उसने जेके बैंक से लोन लिया था। इस दौरान महिला ने मार्जन मनी बैंक में जमा कराई। बाकी के पैसे का चेक के माध्यम से डीलर को दिए गए, लेकिन उसे जेसीबी नहीं मिली और ऊपर से उसके नाम पर बैंक में लोन चलता रहा, जिसकी किश्तें आ रहीं हैं।