जम्मू। गलत आयु बताकर लाभ लेने के मामले में क्राइम ब्रांच ने गृह विभाग (लीगल) के पूर्व विशेष सचिव बडगाम निवासी गुलाम मोहिउदीन के ठिकानों पर छापेमारी की। घर और अन्य जगहों पर एक साथ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की।
आरोप है कि गुलाम ने अपने जन्म प्रमाण पत्र में आयु को बढ़ा दिया। सहयोगियों के साथ मिलकर अपना रिकॉर्ड बदलवाया और रिटायर होने की आयु के बाद भी चार साल तक बड़े ओहदे पर विराजमान रहे। वह अवैध रूप से सीनियर लीगल अफसर के तौर पर बैठे रहे। आरोपी को 2019 में विशेष सचिव के पद से रिटायरमेंट मिला था। क्राइम बांच के कई सीनियर अधिकारियों वाली टीमों ने वीरवार और बुधवार को पूर्व सचिव के घर और अन्य ठिकानों पर छापा मारा। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई जांच में कई तरह के दस्तावेज बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामान भी जब्त किया गया। क्राइम ब्रांच कई तरह के सबूत इस मामले में जुटा रही है। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है। ताकि मजबूत केस बनाकर चार्जशीट पेश की जाए।