माता वैष्णो देवी के दरबार में फर्जी दस्तावेज लगा वीआईपी सेवा और हेलीकॉप्टर टिकट प्राप्त करने वाले आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने एक और मामले में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट सब जज कटड़ा के समक्ष पेश की गई। आरोपी ने पहले पूर्व विदेश मंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज के नाम से लेटर हेड तैयार कर वैष्णो देवी हेलीकॉप्टर सेवा के वीआईपी टिकट हासिल करने की कोशिश की। साथ ही वह जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के लेटर हेड का इस्तेमाल कर हेलीकॉप्टर सेवा के लिए भी आवेदन करने के मामले में आरोपी बनाया गया है।
संदीप कौल निवासी छन्नी हिम्मत जम्मू शास्त्री नगर में देश प्रदेश टूर एंड ट्रैवलर का मालिक है। क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने क्लायंट को वीआईपी टिकट दिलाता था। जांच में उसके खिलाफ पर्याप्त सुबूत जुटाने के बाद ही चार्जशीट दाखिल की गई है।
क्राइम ब्रांच जम्मू के अनुसार श्री माता वैष्णो देवी बोर्ड के डिप्टी डिवीजनल मैनजर ओनकार सिंह इस मामले से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि एक व्यक्ति के हवाले से लगातार पूर्व विदेश मंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज के लेटर हेड से हेलीकॉप्टर टिकट की सिफारिशें आ रही हैं।