उपमंडल बिलावर के मलाड क्षेत्र में पशु हत्या का वीडियो वायरल होने के बाद बिलावर और मल्हार इलाके में मंगलवार रात दस बजे के बाद 4जी इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। तकरीबन 22 घंटे इंटरनेट सेवा बंद रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मल्हार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टर मौके पर पहुंचे। इसके बाद उक्त पशु का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टर के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पशु की हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। उधर, मंगलवार रात 10:00 बजे से बंद हुई इंटरनेट सेवा बुधवार शाम 7:30 बजे बहाल हो पाई। इसके बाद लोगों को राहत मिली।
एसडीपीओ बिलावर अरविंद कुमार ने बताया कि हालात बिगड़ने की आशंका के चलते इंटरनेट सेवा बंद की गई थी। उधर, इंटरनेट सेवा बंद होने से विद्यार्थियों को ज्यादा दिक्कतें आईं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवा मोहित सिंह ने बताया कि इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित हुई। विद्यार्थी नितिन शर्मा ने बताया कि इंटरनेट सेवा बंद रहने के दौरान किसी भी तरह की जानकारी से वंचित रहे। दुकानदार सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन खरीदारी नहीं कर पाए।