रियासी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे अरुण वर्मा मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए मैच में भवानी क्रिकेट क्लब कटड़ा ने नेशनल क्रिकेट क्लब रियासी को चार विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। नेशनल क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए।
बल्लेबाज अर्जुन ने 26, सलमान ने 24 व पिंटू ने 18 रन का योगदान दिया। इसके अलावा टीम को 19 रन अतिरिक्त मिले। कटड़ा के गेंदबाज रोहित व अजीत ने तीन-तीन विकेट लिए। दर्शन ने भी दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भवानी क्लब कटड़ा के बल्लेबाजों ने संयम के साथ बल्लेबाजी की और 18.1 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए।
बल्लेबाज दर्शन ने सबसे ज्यादा 31 रन का योगदान दिया। वहीं अरुण ने 29, हिमालय ने 12 रन बनाए। टीम के खाते में 26 रन अतिरिक्त मिले। नेशनल क्लब के गेंदबाज पिंटू ने तीन, अर्जुन व पंकज ने एक-एक विकेट लिया। कटड़ा की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले आलराउंडर दर्शन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संवाद