रियासी। गलवां में शहीद हुए जवानों की याद में आयोजित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता पर नेशनल क्लब ने कब्जा कर लिया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बल्लेबाजों के दम पर मैच सहित प्रतियोगिता को अपने नाम किया है।
रियासी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 166 रन बनाए और 167 रन का लक्ष्य दिया। इसमें बल्लेबाज जोलू ने सर्वाधिक 48, जहांगीर ने 41, यासिर मुंदरी ने 24 और मुदस्सर ने 14 रन का योगदान दिया। नेशनल क्लब के गेंदबाज निखिल देव सिंह और पिंटू ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। रियासी की तरफ से दिए गए लक्ष्य को नेशनल क्लब ने अंतिम ओवर की एक गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट खो कर हासिल कर लिया।
अंतिम ओवर में नेशनल क्लब को 18 रन बनाने थे। बल्लेबाज पिंटू ने पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाया। इस के बाद एक रन लिया। दूसरे छोर केे बल्लेबाज वीरू ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया और फिर अगली ही गेंद पर एक रन ले कर अपनी टीम को मैच जीता दिया। निखिल देव सिंह ने 21 व राकेश ने 22 रन बनाए। रियासी के गेंदबाज यासिर मुंदरी व लक्कू ने दो-दो विकेट हासिल किए। विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद और ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, पिंटू को तीन विकेट लेने के साथ ही नाबाद 22 रन बनाने के लिए मैन आफ द मैच दिया गया। मौके पर ब्लॉक भमाग से डीडीसी सदस्य सर्राफ सिंह नाग, म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी, भाजपा जिला प्रधान शील मगोत्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रतियोगिता का आयोजन नदीम भट्ट की ओर से किया गया था।