प्रदेश में कोविड के 97 नए मामले, एमसीएच गांधीनगर अस्पताल में जीनोम सीक्वेंसिंग मशीन को शुरू करने की तैयारी
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर हुआ 471
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोविड संक्रमण का प्रसार बढ़ रहा है। प्रदेश में मंगलवार को 97 नए मामले मिले। जिला जम्मू संक्रमण दर में सबसे अधिक प्रभावित है। जीएमसी जम्मू में अब गंभीर मरीज पहुंचने शुरू हो गए हैं। इसमें दूसरे अस्पतालों से रेफर होकर भी मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में सात मरीज भर्ती हैं। इनमें से दो वेंटिलेटर पर हैं। प्रदेश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 471 पहुंच गया है। संक्रमित मामलों को देखते हुए साइकाइटरी अस्पताल जम्मू में कोविड परीक्षण के दो केंद्र चल रहे हैं। इसमें कोविड लक्षण वाले आम लोग परीक्षण करवा सकते हैं।
कोविड के मामलों को देखते हुए एमसीएच गांधीनगर अस्पताल में जीनोम सीक्वेंसिंग मशीन को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मशीन में 18 सैंपल लगाए गए हैं, जिसमें विभिन्न चरण के बाद रिपोर्ट आएगी। इसी टेस्ट से कोविड के नए वेरिएंट की पहचान होती है। जिला जम्मू में मंगलवार को सर्वाधिक 28 नए मामले मिले। इस जिले में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 120 पहुंच गया है जो प्रदेश में सर्वाधिक है। संभाग के उधमपुर में 4, राजोरी में 3, कठुआ, पुंछ में 1-1, सांबा में 6, किश्तवाड़ में 4 और रियासी में 2 संक्रमित मामले मिले हैं। श्रीनगर में 14 नए मामलों के साथ सक्रिय मामले बढ़कर 76 पहुंच गए हैं। बारामुला में 3, बडगाम में 10, पुलवामा में 2, कुपवाड़ा में 7, अनंतनाग, बांदीपोरा में 1-1, गांदरबल में 3, कुलगाम में 7 नए संक्रमित मामले मिले हैं। पिछले चौबीस घंटे में जम्मू-कश्मीर में 2898 कोविड परीक्षण किए गए। प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग से 200 और कश्मीर संभाग से 271 मामले हैं। इस बीच जम्मू कश्मीर में 52 संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। इसमें कश्मीर संभाग से 45 मामले हैं। प्रदेश में 471 पीड़ित आइसोलेशन (होम/अस्पताल) में भर्ती हैं। इसी तरह 42 लोगों को होम सर्विलांस पर रखा गया है।