आंगनबाड़ी वर्कर के रूप में चयन और नियुक्ति के खिलाफ याचिकाकर्ता रेखा देवी द्वारा दायर याचिका की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने डिस्ट्रिक्ट लेवल सेलेक्शन कमेटी (डीएलएससी) कठुआ के चेयरमैन से हलफनामा दायर कर जवाब देने को कहा है।
याचिका में कहा गया कि आंगनबाड़ी सेंटर पाई मोड़हा, पाई पंचायत धानु पैरोल में गलत तरीके से नियुक्तियां की गईं। याचिका की सुनवाई करते हुए जस्टिस ताशी राबस्तन ने पाया कि मामले को 16 सितंबर को रिजर्व रखा गया था। कुछ मामलों में स्पष्टीकरण की जरूरत थी और आईसीडीएस के प्रोग्राम अफसर तथा डीएलएससी कठुआ को हलफनामा दर्ज कर जवाब मांगा गया था।
किस गांव में कितने हैमलेट हैं, इसे हलफनामे में जिक्र करने को कहा गया। अदालत ने कहा कि तीन सप्ताह के अंदर हलफनामा दर्ज किया जाए। ऐसा न होने पर प्रोग्राम अफसर, डीएलएससी चेयरमैन, डीसी कठुआ और संबंधित तहसीलदार अगली तिथि पर अदालत में उपस्थित हों।
सरकारी वकील को भी अगली सुनवाई पर पूरा रिकार्ड पेश करने को कहा। इसमें डीसी कठुआ के उस संवाद को शामिल करने को कहा गया, जिसमें संबंधित तहसीलदार को निजी प्रतिवादी के रिहायशी स्टेटस की जांच करने को कहा गया था।