वित्तीय संकट बताकर प्रतिवादी ने लिए थे पैसे, लौटाने से इंकार करने पर धमकाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट (पैसेंजर टैक्स) जम्मू ने साढ़े 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश साहिल कुमार की याचिका पर दिया गया है। याचिका में राजेश्वर खन्ना और वीनू खन्ना पर धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी का आरोप है।
अर्जी में याचिकाकर्ता ने कहा कि राजेश्वर खन्ना और उनकी मां वीनू खन्ना से उनके पारिवारिक संबंध थे। दोनों कपड़ों का कारोबार करते हैं। करीब तीन साल पहले 13 अक्तूबर, 2023 को राजेश्वर ने वित्तीय संकट बताकर उनसे 50 हजार रुपये लिए। जून, 2024 में दोनों ने कारोबार के लिए 10 लाख रुपये की और मांग की।
याचिका में दावा किया गया कि साहिल ने चार जून 2024 को 10 लाख रुपये नकद दिए। कुल साढ़े 10 लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। पैसे मांगने पर उन्होंने साहिल को आपराधिक धमकी भी दी।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि बीती 10 नवंबर को उसने त्रिकुटा नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगले ही दिन बीती 11 नवंबर को उन्होंने पुलिस अधीक्षक, दक्षिणी जम्मू से भी संपर्क किया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई। कोर्ट ने पाया कि प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध हुए हैं। इसलिए कोर्ट ने एसएचओ पी/एस बाहू फोर्ट को मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।