गोपनीयता की शपथ लेते नवनिर्वाचित पार्षद
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू नगर निगम समेत 18 स्थानीय निकाय के नवनिर्वाचित पार्षदों ने मंगलवार को पद व गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही शहरी सरकारों के गठन की प्रक्रिया एक कदम आगे बढ़ गई। अब सारी कवायद जम्मू नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर के साथ म्युनिसिपल कमेटियों व म्युनिसिपल काउंसिल के चेयरमैन अध्यक्ष को लेकर शुरू हो गई है।
जम्मू में बहुमत होने के कारण भाजपा का मेयर व डिप्टी मेयर बनना तय है जबकि जहां उसके पास बहुमत नहीं है वहां निर्दलियों के सहारे उसने बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में डोडा जिले की ठाठरी म्यूनिसिपल कमेटी के सात वार्डों में एक मात्र पार्षद होने के बावजूद भाजपा ने तीन निर्दलियों को अपने पाले में कर सारा गणित बदल दिया और वहां सर्वसहमति से निर्दलीय मंसूर को चेयरमैन पद के लिए नामांकित कर दिया। जिसका जीतना तय है।
जम्मू नगर निगम के नवनिर्वाचित सभी 75 पार्षदों ने मंगलवार को जम्मू विश्वविद्यालय के सभागार में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में हर्षोल्लास के साथ विभिन्न रंग देखने को मिले। पार्षदों ने हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, डोगरी, संस्कृत व पंजाबी में शपथ ली।
उधमपुर में निर्दलीय तय करेंगे चेयरमैन
उधमपुर नगर परिषद के 21 पार्षदों ने हिंदी, डोगरी, अंग्रेजी और पार्षदों ने अलग-अलग भाषा में शपथ ली। हालांकि समारोह में कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा। यहां चेयरमैन पद के लिए सारा दारोमदार निर्दलियों के हाथ में है। इनमें से पांच पार्षद वाले विधायक पवन गुप्ता समर्थक बताए जा रहे हैं। यूं तो पैंथर्स पार्टी के पास सबसे ज्यादा छह पार्षद हैं परंतु चार पार्षदों वाली भाजपा निर्दलियों के सहारे लड़ाई जीतने की कोशिश में है।
किश्तवाड़ में हिंदी में मंच संचालन का विरोध
किश्तवाड़ म्युनिसिपल कमेटी के लिए सभी नवनिर्वाचित 13 पार्षदों ने शपथ ली। हालांकि पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस की तरफ से चुनाव का बहिष्कार किया गया था। लेकिन समारोह में पीडीपी के युवा महासचिव उमर मलिक अपनी मां कुलसुमा बेगम के शपथ लेने के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने हिंदी में मंच का संचालन का विरोध करते हुए कहा कि उर्दू में संचालन होना चाहिए।
अनंतनाग व कुलगाम में भी पार्षदों ने ली शपथ
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के डोरू वेरीनाग, मट्टन, पहलगाम व अशमुगाम के नवनिर्वाचित पार्षदों को मंगलवार को पहलगाम और डोरी कमेटी हॉल में एडीसी ने शपथ दिलाई। इस मौके पर पार्षद ने जनता का धन्यवाद करते हुए विकास का वादा किया। उधर कुलगाम जिला में भी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिसमें आठ पार्षद ने शपथ ली। यरिपोर म्यूनिसिपल कमेटी के तीन पार्षद शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।
रामनगर में भाजपा का पलड़ा भारी
रामनगर के 13 नवनिर्वाचित पार्षदों ने शपथ ली। यहां भाजपा के सात,पैंथर्स पार्टी के छह व एक निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में भाजपा का चेयरमैन बनने की संभावना ज्यादा दिख रही है।
चिनैनी में भाजपा का होगा चेयरमैन
शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को संपन्न हो गया। एसडीएम आफिस के पास म्यूनिसपल कमेटी के हाल में समारोह के दौरान छह पार्षदों ने हिंदी और एक ने उर्दू में शपथ लिया। विधायक दीनानाथ भगत ने कहा कि पार्षदों ने सर्वसहमति से मानिक गुप्ता को चेयरमैन पद के लिए चुना है।
ठाठरी के तीन निर्दलीय पार्षद भाजपा में
डोडा ठाठरी म्यूनिसिपल कमेटी के सात वार्डों में तीन निर्दलीय, एक भाजपा और तीन कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। भाजपा का एक पार्षद था। इसबीच तीन निर्दलीय सदस्यों मंसूर, शाहीना बेगम और दिलशादा बेगम के भाजपा में शामिल होने से भाजपा की संख्या चार हो गई। सर्वसहमति से मंसूर को चेयरमैन पद के लिए नामांकित कर दिया।
रामबन, बनिहाल व बटोत के सभी पार्षदों ने ली शपथ
रामबन जिले में तीनों नगरपालिका रामबन, बनिहाल व बटोत के सभी नवनिर्वाचित 21 पार्षदों ने मंगलवार को शपथ ग्रहण की
पुंछ में निर्दलियों के हाथ में कमान
पुंछ नगर पालिका के 17 पार्षदों ने मंगलवार को डाक बंगले में शपथ ली। समारोह में परिजन व समर्थक भी शामिल थे। इममें 11निर्दलीय, चार भाजपा और 2 कांग्रेस के पार्षद हैं। समारोह में पुंछ की नई नगरपालिका के गठन का रास्ता साफ हो गया है। इसका सारा दारोमदार अब निर्दलियों के हाथ में है।
सुंदरबनी में 13 ने ली शपथ
सुंदरबनी मयूनिसिपल कमेटी के 13 नवनिर्वाचित पार्षदों ने डाक बंगले में पद व गोपनीयता की शपथ ली। नवनिर्वाचित पार्षदों के आग्रह पर सुंदरबनी में ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया ।
नौशेरा में 13 ने ली शपथ
नौशेरा म्यूनिसिपल कमेटी नौशेरा के 13 वार्ड पार्षदों ने मंगलवार को शपथ ली।