जम्मू। डायरेक्टोरेट स्कूल एजूकेशन जम्मू (डीएसईजे) की तरफ से चलाए जा रहे काउंसलिंग सेल को ओर ज्यादा मजबूत बनाने के लिए लगातार कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत कोविड-19 महामारी के समय में विद्यार्थियों की मानसिक सेहत से जुड़े मुद्दों के लिए साइकोलॉजिकल टास्क फोर्स का डीएसईजे ने गठन किया है, जिसमें एमए साइकोलॉजी के शिक्षकों को शामिल किया गया है। इस टास्क फोर्स के लिए एक से तीन जून तक आरिएंटेशन सह ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा।
साइकोलॉजिकल टास्क फोर्स का गठन करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, करियर संबंधित जागरूकता और चाइल्ड प्रोटेक्शन आदि के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाना है। भारतीय काउंसलिंग साइकोलॉजी एसोसिएशन (बीएसपीए) के साथ मिलकर डीएसईजे तीन दिवसीय कार्यक्रम कराएगी।
पहली जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का विषय स्किल एंड प्रोसेस ऑफ स्कूल काउंसलिंग होगा। इसमें बीएसपीए के नेशनल आर्गेनाइजेशनल सेक्रेटरी डॉ. राजेश भट्टा लेक्चर देंगे। दो जून के कार्यक्रम का विषय अंडरस्टेंडिंग चाइल्डहुड मेंटल हेल्थ होगा, इसमें चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट डॉ. मधुबाला यादव शामिल होंगी। तीन जून के कार्यक्रम का विषय करियर काउंसलिंग इन द टाइम आफ कोविड-19 होगा, इसमें बीएसपीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव जानकारी देंगे।