अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एंटी करप्शन ब्यूरो ने हाइड्रोलिक उपमंडल छत्रू (किश्तवाड़) में तैनात एईई आशिक हुसैन राथर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि अधिकारी के पास आय से ज्यादा चल और अचल संपत्तियां हैं। इनमें कोर्ट रोड (डोडा) पर पांच मंजिला मकान, उद्राना (भद्रवाह) और सुंजवां (जम्मू) में जमीन, एफडी सहित बैंक बैलेंस व महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स व आभूषण शामिल हैं।
संपत्तियों का मूल्य सभी ज्ञात स्रोतों से होने वाली आय के अनुपात में अत्यधिक मिला है। एसीबी ने न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया। इसके बाद मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के डोडा और किश्तवाड़ में स्थित आवासीय मकानों, सरकारी एवं निजी आवासों पर तलाशी ली गई।