कोरोना वायरस से निपटने के लिए जारी लॉकडाउन के बीच प्रभावित लोगों की मदद के लिए नेता, समाजसेवी, बड़े व्यवसायी व अन्य लोग सामने आ रहे हैं। वहीं जानीपुर की नन्ही प्रजुषा भी पीछे नहीं है। उसने भी अपनी गुल्लक के पैसे गरीबों की मदद करने के लिए दान कर दिए।
जानीपुर टाली मोड की रहने वाली प्रजुषा जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से ऐसी प्रेरित हुई कि उसने अपनी गुल्लक की राशि को सेवा भारती को सौंपने का निर्णय लिया और एक मिसाल कायम कर दी। दोपहर बाद अपने पिता के साथ अंबफला स्थित त्रिकुटा भवन में प्रजुषा अपनी गुल्लक के साथ पहुंची और वहां पर गुल्लक से पूरी राशि निकाल कर सेवा भारती के पदाधिकारियों को सौंप दी।
संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की मदद में जुटी सेवा भारती को हर प्रकार की मदद मुहैया कराने में कई लोग आए हैं। पिछले दिनों सेवा भारती की कार्यप्रणाली से खुश होकर उपराज्यपाल के सलाहकार फारुक खान की माता खालिदा बेगम ने भी हज यात्रा के लिए रखी पांच लाख रुपये की राशि सेवा भारती को दान कर दी थी।
लॉकडाउन के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने जम्मू संभाग के बाद अब कश्मीर संभाग में भी राहत सामग्री वितरण शुरू कर दिया है। इसकी जिम्मेदारी सेवा भारती से जुड़े कश्मीर में सक्रिय सदस्यों को सौंपी गई है। गुरुवार को राहत सामग्री वितरण का काम बारामुला, हंदवाड़ा और बडगाम में चला। यहां लोगों को राशन के साथ-साथ मास्क और साबुन भी वितरित किए गए। बारामुला के डिंगीबचा में राहत कार्यों में जुटी मूबीना बेगम ने बताया कि लोगों को सैनिटाइजेशन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।