अरनिया। पांच दिन पहले श्रीनगर से आए युवक को क्वारंटीन न करने पर लोगों ने एसडीपीओ आरएस पुरा से संपर्क किया। इसके बाद युवक को क्वारंटीन किया गया।
जानकारी अनुसार गांव व्यासपुर परलाह में पांच दिन पहले एक युवक श्रीनगर से वापस लौटा था। वह श्रीनगर में काम करता था, लेकिन लॉकडाउन होने कारण वह श्रीनगर में ही फंस गया। युवक पांच दिन पहले अपने गांव में पहुंचा। इसकी सूचना गांव के पंच ने पुलिस थाने में दी। पंच दर्शन कुंडल ने बताया कि पांच दिन पहले पहले उन्होंने युवक के बारे में सब इंस्पेक्टर से बात की, लेकिन उन्होंने कहा कि थाने के लैंडलाइन नंबर पर फोन करके उनको बताएं। जब थाने के लैंडलाइन नंबर पर फोन किया तो अधिकारी ने कहा कि आप युवक को लेकर खुद अरनिया अस्पताल पहुंचाएं और फोन काट दिया। वहीं, वीरवार को गांव के कुछ लोगों ने एसडीपीओ आरएस पुरा को फोन पर इस समस्या से अवगत कराया। इस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अरनिया थाने से एक पुलिस टीम को मौके पर भेज कर उस युवक को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन करा दिया है। युवक के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने तुरंत स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा युवक का कोरोना टेस्ट कराने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं थाना प्रभारी अरनिया का कहना है कि थाना क्षेत्र के लिए बनाई गई पुलिस टीम ने चार दिन पहले ही युवक के श्रीनगर से वापस लौटने की सूचना दे दी थी, लेकिन व्यस्त होने के कारण युवक को तुरंत क्वारंटीन नहीं करा सके। फिर भी हमारी टीम लगातार इस पर संपर्क बनाये हुए थी। इस गांव का चिकित्सा जोन आरएस पुरा है, जिन्हें सूचित कर दिया गया है। वीरवार शाम या शुक्रवार सुबह तक मेडिकल टीम युवक का सैंपल लेगी।