जम्मू। सोशल मीडिया पर कोरोना को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। शहर के कई गणमान्य लोगों को पाजिटिव होने की सूचनाओं संबंधित पोस्ट अपलोड की जा रही हैं। इसकी शिकायतें पुलिस और साइबर पुलिस के पास भी आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला सीनियर डाक्टर के साथ आया है।
डॉ. रोहित लाहोरी ने नवाबाद पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई। तालाब तिल्लो के रहने वाले डॉ. लाहोरी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता बच्चों के विशेषज्ञ डाक्टर हैं। व्हाटसएप पर उनके पिता के खिलाफ गलत खबर प्रचारित की जा रही कि उनके पिता कोरोना पॉजिटिव हैं। पुलिस ने इसे लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। व्हाटसएप पर संदेश सर्कुलेट करने वालों की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बहुत से लोगों को ऐसी दिक्तत पेश आ रही है, जिनके खिलाफ गलत अफवाहें फैलाई जा रही हैं। साइबर पुलिस के पास भी इसकी शिकायत की जा रही है। अभी कुछ दिन पहले ही सलाहकार की पत्नी के नाम का भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया था। कुछ लोग गणमान्य लोगों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल हो रहा है। ब्यूरो