फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना के खौफ के बीच खुले बाजार; कम लोग पहुंचे खरीदारी करने, सुरक्षा कड़ी

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। मंदिरों के शहर में बुधवार को लॉकडाउन 4.0 के साथ व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होते ही कड़ी सुरक्षा के बीच बाजार खुले, लेकिन कोरोना के खौफ से लोग कम ही बाहर निकले। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के तहत सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक प्रतिष्ठानों को खोला गया। शहर और आसपास के इलाकों के अधिकांश बाजारों में सुबह पौने नौ बजे तक लगभग सभी दुकानदार पहुंच गए। बीते दो माह से कई दुकानों के लगातार बंद रहने से काफी नुकसान हुआ था, धूल भरी थी। सुबह दुकानदारों ने दुकानें साफ कर ग्राहकों का इंतजार शुरू किया।
विज्ञापन

दिन चढ़ने के साथ ग्राहकों के कदम बाजार की ओर बढ़े। जरूरी सामान की दुकानों पर भीड़ देखी गई। ईद के चलते भी मुस्लिम समुदाय से लोग खरीदारी करने पहुंचेे। इससे पहले किराना, फल सब्जी, ड्राई फ्रूट, बेकरी की ही दुकानें खुल रही थीं। अब वाहन रिपेयर, हार्डवेयर और कपड़े-मनियारी की दुकानें भी खुल गई हैं। मोती बाजार, ज्यूल बाजार, पक्का डंगा, कनाल रोड, बीसी रोड के दुकानदार चंदन, राहुल, उमेश, सोनम आदि ने बताया कि पहले दिन आय उम्मीद से भी कम हुई। शहर में हेयर सैलून की दुकानें बंद रहीं।
बुधवार दिन भर दुकानदार ग्राहकों के आने का इंतजार करते रहे। शाम पांच बजे दुकानें बंद कर दीं। हालांकि सर्विस स्टेशनों में भीड़ रही। निश्चित दूरी का पालन करते हुए लोगों ने काम करवाया। किराना स्टोरों से लोगों ने रूटीन की तरह ही राशन खरीदा। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे हालात अनुकूल होंगे, उसी तरह बाजारों में ग्राहक पहले की तरह बढ़ना शुरू हो जाएंगे। हालांकि दुकानदारों को आस थी कि बाजार खुलने पर पहले दिन खूब खरीदारी होगी। लोग लंबे समय से घरों में थे, जिस कारण वे सामान नहीं ले पाए थे, लेकिन लोग कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते घरों से कम ही निकले। ऑटो स्टैंड बीसी रोड पर भी लोगों की चहल-पहल कम दिखी। ऑटो चालकों का कहना है कि दिन में आय सिर्फ 80 से 100 रुपये के बीच हुई।
विज्ञापन

--------------------------
दो माह से दुकानों में पड़ा सामान हुआ खराब
बेलीचराना में भी सुबह नौ बजे अधिकतर दुकानें खुल गईं। पहले दिन ज्यादातर दुकानदारों ने साफ-सफाई ही की। दुकानदार सन्नी ने कहा कि दुकानें तो खोली हैं, लेकिन खरीदारी के लिए बहुत कम लोग पहुंचे। दुकानों में पड़ा सामान भी खराब हो गया है। अब नई सप्लाई लाने के बाद पता चलेगा कि काम कैसा चलेगा। ऑटो रिपेयर की दुकान में काम करने वाले सोहन ने कहा कि जब लोग बाहर ही निकल रहे तो काम कैसा होगा। दुकानदारों ने कहा कि पहले की तरह काम पटरी पर लौटने में समय लगेगा। उधर, सैनिक कॉलोनी, चौवाधी क्षेत्र में भी यही हाल रहा, ज्यादातर दुकानें तो खुली रहीं, लेकिन लोग कम ही घरों से निकले। हर दुकानदार ने सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए सामान बेचा। साथ ही दुकान के अंदर जाने की जगह बाहर से ही लिस्ट लेकर सामान पैक कर ज्यादातर ग्राहकों को दिया गया। दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए सैनिटाइजर उपलब्ध करवाया, जिससे हाथ साफ करने के बाद ही ग्राहक को सामान दिया जा रहा है।
--------------------------------------
सामाजिक दूरी का रखा ख्याल, भीड़ जमा न करने की हिदायत
रघुनाथ बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र महाजन ने कहा कि लोगों के पास पैसे की कमी होने के कारण अभी बाजार में ग्राहकों की आमद नहीं बढ़ी है, लेकिन बाजार खुलने से दुकानदारों को कुछ राहत मिली है। लिंक रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा है। दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि अगर उनके पास एक समय में चार ग्राहक आ जाते हैं तो दो ग्राहकों को बाहर खड़ा करके पहले दो ग्राहकों को निकालें। राज तिलक रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान विमल गुप्ता ने कहा कि ईद के चलते कुछ ग्राहक दुकानों पर पहुंचे हैं, लेकिन अभी ग्राहकों की संख्या बढ़ी नहीं है। इसका बड़ा कारण यातायात वाहनों का बंद रहना है।
--------------------------------------
शहर में दिन भर गश्त करती रही पुलिस, बेतरतीब खड़े वाहन उठाए
शहर में सुबह से ही सायरन बजाते पुलिस के वाहन सड़कों से पार्किंग हटाने में जुटे थे। दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के आगे कोई वाहन न लगाने की हिदायत दी जा रही थी। पुलिस अधिकारी खुद बाजारों में घूमकर वाहनों को हटा रहे थे। इसमें कई जगहों पर अवैध तरीके से खड़े किए गए तीन-चार वाहनों को जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें