जम्मू। सब्जी मंडी नरवाल को सोमवार को सैनिटाइज किया गया। इस दौरान स्प्रे करने के साथ फॉगिंग की गई। थड्डों को भी साफ किया गया। वहीं, कचरे के ढेर को उठाने के लिए दो से ज्यादा ट्रक लगाए। सब्जी मंडी बंद रहने की वजह से कश्मीर घाटी सहित जम्मू संभाग के जिलों में सब्जियां नहीं भेजी जा सकीं।
नरवाल बाजार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मंडी को साफ किया गया है। इस कारण एक दिन के लिए बंद रखा गया था। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से भी लोग यहां पर आते हैं, इस कारण संक्रमण का खतरा था। मंगलवार से नरवाल सब्जी मंडी खुलेगी। मंडी से सब्जियां तमाम गुरुद्वारों, अन्य धार्मिक स्थलों, लंगर और दुकानों के लिए भेजी जा रही हैं। सब्जी रूटीन में और समय पर दी जा रही है। किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले लोग नियमों का पालन करें और मास्क लगाकर आएं।