जम्मू। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए जारी लॉकडाउन के बीच प्रभावित लोगों खासकर असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों को राहत सामग्री वितरित करने का दायरा समूचे जम्मू संभाग तक बढ़ा दिया है।
शुक्रवार को मौसम खराब होने के बावजूद स्वयंसेवकों की विभिन्न टीमों ने यह मुहिम सांबा, कठुआ, रामबन, राजौरी, पुंछ, जम्मू, रियासी और किश्तवाड़ जिलों में चलाई। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच राशन समेत अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान कोरोना वायरस से बचाव के लिए सबसे बडे़ उपाय सामाजिक दूरी को कायम रखने के लिए भी अपील की गई।
स्वयंसेवकों ने गांवों को सैनिटाइज करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा सेवा भारती संकटमोचन दल की टीमों ने जम्मू शहर और जिले के विभिन्न इलाकों में प्रभावितों को राहत सामग्री पहुंचाने का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रखा। स्वयंसेवक राहत सामग्री एकत्रित करने के साथ-साथ इसके वितरण में भी जुटे हैं। कठुआ जिले के विभिन्न इलाकों के अलावा बिलावर में सैनिटाइजेशन अभियान के तहत कई गावों में स्वयंसेवकों ने छिड़काव किया। वहीं, राहत सामग्री भी वितरित की गई। सांबा जिले के कैहली मंडी में भी राहत सामग्री एकत्रित करने के बाद वितरित की गई। आरएस पुरा, रामबन, राजौरी आदि इलाकों में दिनभर यह प्रक्रिया चलती रही।