जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के रविवार को 127 और मामले आए। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 7093 हो गए हैं। कश्मीर संभाग से 102 और जम्मू संभाग से 25 नए मामलों की पुष्टि हुई। कश्मीर में एक मरीज की मौत भी हो गई। वहीं, राहत भरी खबर यह है कि 91 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें जम्मू संभाग में 31 और कश्मीर संभाग में 60 लोग शामिल हैं।
जिला स्तर पर नए कोरोना संक्रमण के मामलों की बात करें तो श्रीनगर में 31, बारामूला में छह, कुलगाम में सात, शोपियां में दो, अनंतनाग में दो, कुपवाड़ा में 16, पुलवामा में 11, बडगाम में 22, बांदीपोरा में एक, गांदरबल में चार, जम्मू में आठ नए मामले आए हैं। इनमें सात देश के विभिन्न हिस्सों से लौटे ट्रेवलर्स के हैं जोकि प्रशासनिक क्वारंटीन में थे। वहीं एक मामला बिश्नाह निवासी व्यक्ति जो एक निजी कंपनी का कर्मचारी है, का सामने आया।
उधमपुर में दस, रामबन में एक, कठुआ में तीन, पुंछ में एक, डोडा में दो मामले सामने आए हैं। वहीं प्रदेश में 4316 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं और एक्टिव मामले 2683 हैं। इनमें जम्मू संभाग में 442 और कश्मीर संभाग में 2241 मामले हैं। मौतों का आंकड़ा 94 पहुंच गया हैं।
लद्दाख में तीन नए मामले, 32 घर भेजे गए
लद्दाख में कोरोना संक्रमण के तीन और मामले आए हैं। इस बीच 32 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिए गए। प्रदेश में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 376 रह गई है। वर्तमान में 107 सक्रिय मामले लेह में हैं, जबकि 269 मरीजों का उपचार कारगिल में चल रहा है।