जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण फिर तेजी से पांव पसार रहा है। कश्मीर में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से 15 दिन के नवजात समेत चार और लोगों की मौत हो गई। जबकि चार बीएसएफ व एक सीआईएसएफ जवान समेत 125 नए मामले सामने आए। इसमें जम्मू संभाग से 23 और कश्मीर से 102 मामले शामिल रहे।
जम्मू कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों से 50 मरीज स्वस्थ हुए। इसमें जम्मू संभाग से 25 और इतने ही कश्मीर संभाग से रहे। प्रदेश में मौतों का आंकड़ा 76 पहुंच गया है, जिसमें कश्मीर में 66 मौतें हुई हैं।
नए मामलों में जम्मू में 8 मामलों में 4 बीएसएफ जवान, एक सीआईएसएफ जवान शामिल हैं। कुलगाम में 11, श्रीनगर में 31, शोपियां में 7, अनंतनाग में 8, बारामुला में 10, कुपवाड़ा में 7, पुलवामा में 18, बडगाम में 2, बांदीपोरा में 7, गांदरबल में 1, उधमपुर में 2, कठुआ में 7, सांबा में 4, पुंछ में 1, राजोरी में 1 मामला शामिल हैं।
श्रीनगर के बेमिना इलाके का रहने वाला नवजात अब तक प्रदेश में कोरोना से मरने वालों में सबसे कम उम्र का था। स्किम्स के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. फारूक जान ने बताया कि नवजात की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मौत हुई। सैंपल 16 जून को लिए गए थे और अगले ही दिन उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इसके अलावा स्किम्स में शुक्रवार सुबह 9 बजे सोपोर के एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत हो गई। उसे दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती किया गया था। नौशेरा के एक 79 वर्षीय मरीज ने भी स्किम्स में दम तोड़ा। उसका यात्रा इतिहास सऊदी अरब का था। 8 जून को उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। गुरुवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसकी मौत हो गई।