जम्मू संभाग के उधमपुर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी होती जा रही है। आज यानी कि सोमवार को दिल्ली और गुजरात से लौटे दो युवक संक्रमित पाए गए हैं। जब इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिली तो तुरंत वाहन की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसी के साथ जिला उधमपुर में संक्रमित मामलों की संख्या 67 तक पहुंच गई है।
जब से बाहरी राज्यों से लोग बस व ट्रेन से सफर कर उधमपुर में अपने घरों को लौट रहे हैं तब से संक्रमित मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन लोगों के उधमपुर में प्रवेश करते ही कोरोना टेस्ट करवाने के बाद सभी को क्वारंटीन कर रहा है। करीब दस दिन से लगातार संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को 13 संक्रमित मामले सामने आए थे।
आज यानी कि सोमवार को 20 और 21 वर्षीय दो युवक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें रिट्टी पंचायत निवासी युवक 27 मई को गुजरात और 28 मई को रामनगर निवासी दिल्ली से उधमपुर पहुंचा था, जहां टेस्ट करवाने के बाद उन्हें केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में क्वारंटीन किया गया था।
वहीं, अब उधमपुर में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या 67 तक पहुंच गई है। 25 लोग स्वस्थ्य होकर घरों को लौट गए हैं। अब बाहरी राज्यों से लौटने पर संक्रमित पाए गए श्रमिक भी स्वस्थ्य होकर घर लौट रहे हैं। अभी तक छह श्रमिक स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। एक संक्रमित महिला की मौत हो चुकी है। वहीं अभी 41 सक्रिय मामले हैं।