केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कोरोना वायरस से लड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केरल जैसा जज्बा जम्मू-कश्मीर में भी देखने को मिल रहा है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रभावी तरीके से महामारी का सामना किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व के उन प्रमुख देशों में शामिल है जो बेहतर तरीके से महामारी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सीनियर डॉक्टरों के अलावा जूनियर डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ के कार्य की सराहना की।
उन्होंने कहा कि देश में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए मोदी सरकार ने कानून बनाया है। जम्मू-कश्मीर से पीपीई किट्स और अन्य उपकरणों की मांग को नियमित आधार पर पूरा किया जा रहा है।
इस दौरान मंत्री को स्वास्थ्य विभाग के वित्त आयुक्त अटल डुल्लू ने प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या के बारे में बताया। साथ ही कहा कि टेस्टिंग के मामले में नई दिल्ली के बाद जम्मू-कश्मीर दूसरे नंबर पर है। महामारी का मुकाबला करने के लिए 126 सेवानिवृत्त डॉक्टरों की भी सेवाएं ली जा रही हैं।