कोरोना वायरस के खिलाफ जंग को देखते हुए वायुसेना के विशेष विमान भी लोगों की सुविधा और मेडिकल सप्लाई में लगाए गए हैं। सेना के सी-17 हेवी लिफ्टर जहाज में क्रू, मेडिकल टीम और सहायक स्टाफ सहित 15 टन मेडिकल सप्लाई चीन भेजी गई। इसके अलावा सी-17 से ही ईरान में जाकर वहां फंसे 58 भारतीयों जिनमें 31 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं, को भी लाया गया।
वायुसेना के विमानों को जरूरी वस्तुओं, दवा और मेडिकल उपकरणों के पहुंचाने के लिए लगाया गया है। इस दौरान 60 टन सामग्री को देश के विभिन्न भागों में पहुंचाया है। 28 फिक्स विंग और 21 हेलीकॉप्टर को देशभर में स्टैंडबाई मोड पर रखा गया है। इसके अलावा छह नौ-सैनिक जहाज और पांच मेडिकल टीमें भी पड़ोसी देशों की मदद के लिए तैयार हैं। इन्हें मालदीव, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और अफगानिस्तान में तैनाती के लिए तैयार किया गया है।