वहीं कोरोना वायरस के कारण कश्मीर में पहली मौत का मामला सामने आया है। 65 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग की गुरुवार सुबह मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग डायबिटीज, तनाव और ओबेसिटी जैसी बीमारी से ग्रसित था। कश्मीर में कोरोना से हुई इस मौत के बारे में श्रीनगर के मेयर ने ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा कि यह खबर हमारे लिए बेहद दुखदायी है। ऐसे समय में हम मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं। सीडी अस्पताल में तैनात डॉक्टरों को उनके साहस और उनके द्वारा की जा रही लगातार कोशिश के लिए हम सलाम करते हैं। आइए कोरोना वायरस के इस चेन को तोड़ने में हम सब अपना योगदान देते हैं।
वहीं राज्य के प्रवक्ता रोहित कंसल ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीनगर के हैदरपोड़ा निवासी 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। बुधवार को उनके संपर्क में आए चार अन्य लोगों की जांच में भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
मालूम हो कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश भर में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। इसी बीच जम्मू कश्मीर में 152 लोगों के बारे में पता चला है जो विदेश से लौटे हैं लेकिन इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। इनमें यूएई, ईरान, हंगरी, ताइवान, मलेशिया, कंबोडिया, इटली, सऊदी अरब, बांग्लादेश और कजाकिस्तान से वापस लौटे लोग शामिल हैं। फिलहाल उन सभी को क्वारंटीन में रखा गया है।