जिले के कोरोना के चार पॉजिटिव मामले आने से क्षेत्र सील
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिला में मंगलवार को कोरोना के चार नये पॉजिटिव मामले आने से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर पुलिस ने उक्त क्षेत्रों को हॉट स्पॉट बना कर सील कर दिया है। क्षेत्र में आने जाने की पाबंदी लगा दी गई है।
जिले के रामगढ़ और बाड़ी ब्राह्मणा में कोराना पॉजिटिव के दो-दो मामले में मंगलवार को सामने आए। इसके मद्देनजर रामगढ़ के जेरडा गांव को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। जहां से एक ट्रक चालक कोरोना पॉजिटिव आया है। वह गत दिनों पंजाब से आया है। उसे ठंडी खुई क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रामगढ के ही नंदपुर के निकटवर्ती गांव कोटली में एक गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव आई है। बताया गया है कि महिला का पति ट्रक चालक है। वह दो सप्ताह पूर्व अपने गांव पहुंचा था। महिला के गर्भवती होने पर उसकी जांच की गई तो कोरोना पॉजिटिव पाई गई। कोटली गांव को प्रशासन की ओर से हॉट स्पॉट जोन बना दिया गया है। महिला के पति को क्वारंटीन के लिए भेजा गया है।
उधर बाड़ी ब्राह्मणा के काला गेट में रह रहे दो व्यक्ति जो दूसरे प्रदेश से हैं। एक व्यक्ति छत्तीसगढ़ का निवासी है। एक ट्रक से नौ मई को दिल्ली से बाड़ी ब्राह्मणा पहुंचा। वहीं एक अन्य व्यक्ति सीतामढ़ी बिहार का निवासी है। नौ मई को पठानकोट से कहीं पैदल तो कहीं किसी वाहन में सवार होकर बाड़ी ब्राह्मणा पहुंचा। उसके 10 मई को सैंपल लिए गए और मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। पुलिस ने कालागेट क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया। कोरोना मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फोटो
स्वास्थ्य विभाग ने 23 लोगोें के नमूने जांच के लिए भेजे
रामगढ़। के गांव जेरडा व कोटली नंदपुर में कोरोना के दो पॉजिटिव सामने आने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने पीड़ित के नजदीकी 23 सदस्यों के कोविड-19 सैंपल लेकर जांच के लिए जम्मू प्रयोगशाला भेजे। गांव कोटली से 14 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए गए, जबकि गांव जेरडा से नौ संदिग्धों के सैंपल लेने की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। कोरोना संदिग्धाें के सैंपल लेने की अंतिम प्रक्रिया ठंडी खुई नजवाल राधा स्वामी आश्रम के क्वारंटाइन सेंटर में अंजाम दी गई। इससे पहले बुधवार सुबह कोविड-19 स्वास्थ्य अधिकारियों की विशेष टीम कोरोना प्रभावित कोटली व जेरडा गांव पहुंची। टीम के साथ पुलिस अधिकारी भी रहे। उन्होंने उन परिवारों को सैंपल लेने के लिए ठंडी खुई राधा स्वामी आश्रम पहुंचाया, जिनके सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा इन सभी लोगाें के सैंपल एकत्रित करने के बाद गांवों में सुरक्षित पहुंचा कर होम क्वारंटाइन कर दिया गया। संवाद
हॉटस्पॉट बना बाड़ी ब्राह्मणा का वार्ड-13
बाड़ी ब्राह्मणा। कोरोना के दो मामले पॉजिटिव आने के बाद वार्ड-12 और 13 की लेन नंबर-5 को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। बुधवार को वार्ड-13 में नोडल ऑफिसर राजीव मगोत्रा और तिलक राज शर्मा ने दौरा किया। उन्होंने वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर वार्ड-13 के पार्षद देवराज शर्मा को भी बताया कि हॉट स्पॉट हो जाने के बाद इस इलाके में लोगों को जरूरी सुविधाओं का सामान मुहैया कराने के लिए तत्पर रहें और विभाग को भी इसके बारे में सूचित करते रहें। उन्होंने कहा कि सील किए गए इलाके में ज्यादातर लोगों का कोविड 19 का टेस्ट किया जाएगा ताकि पता लगाया जा सके कि पॉजिटिव मामले के संपर्क में और लोग तो उसकी चपेट में नहीं आ गए हैं ने यह भी कहा कि इलाके में पूरी तरह से दिशा-निर्देश के अनुसार ही काम होना चाहिए और कानून व्यवस्था को पूरी तरीके से बनाए रखना है।
थाना प्रभारी रोहित गुप्ता के अनुसार हॉट स्पॉट क्षेत्र में ज्यादा इमरजेंसी होने पर ही लोगों को बाहर आने दिया जाएगा और बाकी उनकी जरूरत के अनुसार चीजें दिशा निर्देश के अनुसार ही मुहैया की जाएंगी।