रियासी। एक तरफ जहां रियासी में रविवार को जिले का पहला कोरोना पाजिटिव मामला सामने आने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित है वहीं सोमवार को दो दिनों बाद नगर में दुकानें खुलने पर जगह-जगह नियमों की धज्जियां उड़ती देखीं गई। मुख्य बाजार में कई स्थानों पर लोगों की जहां भीड़ इकट्ठा हो गई तो कई दुकानों के आगे लोगों का जमघट लग गया। वहीं, कई लोग बिना मास्क और दस्ताने के सामान खरीदते नजर आए।
प्रशासन के निर्देश उपरांत सोमवार को किराना, मोबाइल शॉप को खोल दिया गया। फल-सब्जी, मीट व डेयरी उत्पादों की दुकानें रोजाना की भांति खुलीं। मगर पौने बारह बजे के करीब लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि उन्हें गुजरते समय एक-दूसरे से टकराते देखा गया। इस दौरान जहां लोगाें ने दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया वहीं बिना मास्क और दस्ताने के खरीदारी करते दिखे। बाजारों में भीड़ लगने की सूचना मिलते ही डीएसपी वसीम महमूद, एसएचओ विजय ठाकुर ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। इसके साथ ही बिना अनुमति खुली दुकानों को बंद करवाया गया।