विजयपुर के किसान सब्जी उत्पादन के बारे में जानकारी देते हुउ।
विजयपुर। वर्षों से फल, सब्जी की खेती करने वाले किसान भी लॉकडाउन होने के कारण परेशान हैं। तारापुर, शिवनगर क्षेत्र के किसान सुल्तान हमाद, जहर हमाद, इरफान हमाद आदि ने बताया कि हम लोगों का घर का खर्चा ही सब्जियों की खेती पर निर्भर है। लॉकडाउन के कारण हम सब्जी नहीं तोड़ पा रहे। अगर तोड़ भी लेते तो बाजार में चंद लोग ही खरीदार होते हैं। इस कारण हमारे फल, सब्जियों की खेती खेतों में ही खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि हमारा परिवार खेती पर ही निर्भर है, लेकिन इस बार सब्जी का सीजन बरबाद हो गया है। क्योंकि लॉकडाउन के कारण फल, सब्जी को हम मंडियों में नहीं बेच सके, जिस कारण हम लोगों को इस समय कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि खेती के हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए। संवाद
------------
सब्जी बेचकर परिवार का कर रहे पालन पोषण
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कस्बे के बाजार में खाने-पीने के पदार्थ बेचकर परिवार का पालन करने वाले लॉकडाउन के चलते सब्जी आदि बेचकर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। बाजार में कूची किल्ली लगाकर कार्य करने वाले राकेश कुमार ने कहा कि कोरोना के चलते खाने-पीने के पदार्थ बेचे जाने पर प्रतिबंध लगा होने पर अब सब्जी बेचकर परिवार का पालन पोषण करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लगभग तीन माह बीत जाने के बाद अब सब्जी का काम करना पड़ रहा है। बाजार में कुल्फी की रेहड़ी लगाने वाले ओमप्रकाश ने कहा कि सब्जी बेचकर परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल बना हुआ है। सरकार की ओर से राहत राशि उपलब्ध कराई जाए ताकि महंगाई के इस दौर में परिवार का पालन पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि मिठाई और खानेपीने के लिए कई पदार्थों की दुकानें खुली होने पर वे लोग धड़ल्ले से कार्य कर रहे हैं, पर प्रशासन द्वारा और लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। रेहड़ी फड़ी लगाए जाने पर खाने-पीने का सामान नहीं बेचने दिया जा रहा।