राजोरी के दरहाल में सड़क पर पत्थर रखकर लगाया गया जाम।
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। कोरोना के प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए लगाए गए लॉकडाउन का जब लोग पालन नहीं कर रहे, तो सरपंच ने खुद ही पालन कराना शुरू कर दिया। इसके लिए सरपंच को सड़क पर जाम लगाना पड़ा।
मामला जिले की दरहाल तहसील के हिलटॉप क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दरहाल से हिलटॉप जाने वाली सड़क पर अक्सर लोगों की आवाजाही रहती है और लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर घूमते रहते हैं। हिलटॉप पहाड़ी क्षेत्र है, जहां अक्सर दरहाल के युवा हर रोज पिकनिक मनाने चले जाते हैं और लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते हैं। हिलटॉप के सरपंच हाजी अफसर अली ने कई बार युवाओं को समझाया कि वह लॉकडाउन का पालन करें और घरों में रहें, लेकिन किसी ने उनकी न सुनी। युवाओं की मौज मस्ती से तंग आकर बुधवार को सरपंच ने खुद ही रोड ब्लॉक कर दी। सरपंच ने रोड में बड़े-बड़े पत्थर रख दिए और किसी को भी आने जाने की अनुमति नहीं दी। सरपंच ने कहा कि यदि इसके बाद सड़क पर कोई यातायात देखा गया तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।