जम्मू। सितंबर महीने में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। इस माह के पहले छह दिन में जम्मू जिले में दो हजार से ज्यादा मामले आ गए हैं। रविवार को छह माह बच्ची समेत चार लोगों की जान चली गई। अगर इसी रफ्तार से मामले बढ़े तो सितंबर के अंत तक जम्मू जिला पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा संक्रमण वाला जिला बन जाएगा।
एक सितंबर को जम्मू जिले में 121, दो सितंबर को 167, तीन सितंबर को 484, चार सितंबर को 322, पांच सितंबर को 520 और छह सितंबर को 451 मामले आए। दो सितंबर से सबसे ज्यादा मामले जम्मू-कश्मीर में इसी जिले से आ रहे हैं। जानकारों की मानें तो अगर इसी लिहाज से जम्मू जिले में संक्रमण की रफ्तार रही तो 30 सितंबर तक जम्मू जिले में मामलों की संख्या दस हजार के आंकड़े को भी पार कर जाएगी और फिर मामलों को संभालना प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए आसान नहीं होगा।
वहीं जम्मू जिले में रविवार को एसएमजीएस अस्पताल में भर्ती छह महीने की बच्ची की कोरोना की वजह से मौत हो गई। इसके अलावा शक्ति नगर के 70 वर्षीय व्यक्ति की गई कोरोना से जान चली गई। जगती से 72 वर्षीय बुजुर्ग को अस्पताल में मृत लाया गया और जांच में वह कोविड पाजिटिव पाया गया। इसके अलावा एक पचास वर्षीय महिला की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।
जम्मू जिले में कोरोना के मामलों का आंकड़ा 5353 पहुंच गया है। यहां पर प्रदेश में सबसे ज्यादा 2971 एक्टिव मामले हैं और 63 लोग इस जिले में अब तक कोरोना की वजह से अपनी जान गवां चुके हैं।