जम्मू। कठुआ में मायके से बाहु फोर्ट इलाके में वापस पहुंची महिला की संदिग्ध मौत से पूरा परिवार दहशत में है। महिला का कोविड टेस्ट हुआ था जिसकी तीन दिन बाद भी रिपोर्ट नहीं मिली। इसी बीच महिला की मौत से घर में मौजूद ग्यारह सदस्यों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत दोपहर को हुई। दिन भर वे अस्पताल समेत कई नंबरों पर फोन कर एंबुलेंस की मांग करते रहे लेकिन कोई नहीं आया। उन्हें यह भी पता नहीं है कि मृतका को कोरोना संक्रमण था या नहीं।
एक परिजन ने बताया कि कठुआ से लौटी उनकी भाभी और भाई का कोविड टेस्ट करवाया गया था। दोनों घर पर ही अलग से क्वारंटीन पर थे। भाभी की दोपहर को अचानक मौत हो गई। उनके नाक से खून निकला है। न तो एंबुलेंस मिल पाई और ना ही वह इस स्थिति में हैं कि शव को अस्पताल लेकर जाएं। परिवार के सभी सदस्य बेहद परेशान हैं।