जम्मू। कोरोना वायरस के डर के चलते नागरिक सचिवालय में भी बुधवार को लोगों की आवाजाही कम रही। प्रशासनिक सचिवों को समस्याएं सुनाने गिने चुने लोग ही पहुंचे। उधर, नागरिक सचिवालय में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच में तैनात कर्मियों के पास मास्क और दस्ताने तक नहीं दिखाई दिए।
सचिवालय कर्मचारियों के अनुसार, सचिवालय में हजारों की संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। लेकिन, उनके लिए कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए न तो मास्क का प्रबंध किया गया है और न ही अब तक सेनेटाइजर ही उपलब्ध करवाया गया है। कोरोना वायरस के चलते सरकार सचिवालय में जनता दरबार को भी फिलहाल कुछ दिनों के लिए बंद कर सकती है। हालांकि अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। वहीं अन्य सरकारी कार्यालयों में भी लोग बेहद जरूरी कार्य होने पर ही जा रहे है। सामान्य प्रशासनिक विभाग के प्रशासनिक सचिव फारूक अहमद लोन के अनुसार नागरिक सचिवालय में कामकाज रूटीन के तहत हो रहा है। बुधवार भी कई लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। सरकार हालात को देखते हुए इस पर तय करेगी कि जनता दरबार का सिलसिला जारी रखा जाए या नहीं।