डोडा। ग्रीन जोन डोडा में शनिवार को आठ कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की नींद उड़ गई है।
इनमें से तीन मरीज जीएमसी डोडा के कर्मचारी हैं। इनमें से एक इमरजेंसी, दूसरा मेडिसिन वार्ड और तीसरा गायनी वार्ड में तैनात था। वहीं, ठाठरी तहसील की एक गर्भवती महिला और चार अन्य लोग भी संक्रमित मिले हैं, जिनमें से तीन का अन्य राज्यों का यात्रा इतिहास है।
डोडा में संक्रमितों की संख्या 57 पहुंच गई है, जिनमें से 21 ठीक हुए हैं जबकि एक की मौत हो चुकी है। वहीं, 35 मरीजों का उपचार जारी है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों कर्मचारियों के मोहल्लों को सील करते हुए उनके संपर्क में रहे लोगों, कर्मियों और परिजनों को क्वारंटीन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।