रामबन। जिला मुख्यालय कस्बा रामबन की गर्भवती आशा वर्कर कोरोना संक्रमित मिली है, जिसके बाद प्रशासन रामबन के मुख्य बाजारों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही पीड़िता के परिवार सहित संपर्क में रहे लोगों को पता लगा जा रहा है। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 200 के करीब पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार कस्बे के वार्ड एक निवासी गर्भवती आशा वर्कर रुटीन जांच के लिए जिला अस्पताल आई थी, जहां पर एसओपी के तहत उसका सैंपल लिया गया था। इसकी रिपोर्ट शनिवार को आई है, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। कस्बे में नया मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने कस्बे के बाजारों को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। मगर फल-सब्जी और दूध सहित जरूरी सामान के दुकानें खुली रहेंगी। इसके साथ ही क्षेत्र को सैनिटाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, नौ लोग ठीक हो घर लौट चुके हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमण का आंकड़ा 200 के करीब पहुंच गया है।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर शिक्षक निलंबित
कोविड-19 के तहत बनिहाल क्वारंटीन सेंटर में तैनात शिक्षक को कार्यक्षेत्र में नहीं पहुंचने और लापरवाही बरतने पर जिला मजिस्ट्रेट ने निलंबित कर दिया है। शिक्षक की पहचान आफताब आलम मलिक के रूप में हुई है। एसडीएम बनिहाल को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही शिक्षक को जेडईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है।