सांबा। जिला में कोरोना संक्रमितों के मामलों में तेजी से हुई गिरावट को देखते हुए उपापायुक्त अनुराधा गुप्ता ने रविवार को नई गाइड लाइन जारी करते हुए कहा कि सोमवार से जिले में वीकेंड लॉकडाउन समाप्त कर दिया गया है। दुकानें सुबह सात से शाम सात बजे तक खुली रहेंगी। इनडोर माल खुलेंगे, लेकिन जिन लोगों ने वैक्सीन ली है व कोराना टेस्ट कराया है उन्हें ही अनुमति होगी।
आदेश में कहा गया है कि दुकानदार दुकानों के आगे वाहन खडे़ नहीं होने दें, दुकानदारों को मास्क पहनना जरूरी होगा, दुकान पर सैनिटाइजर रखें, दुकानदार प्रशासन को सहयोग दें व कोविड-19 की पालना सुनिश्चित बनाएं, कोविड एसओपी की अवहेलना करने वालों के लिए बनाई टास्क फोर्स समय-समय पर दौरा करेगी। कोविड एसओपी की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मामले दायर किए जाएं। आदेश अनुसार प्रत्येक रविवार को बाजार में छुट्टी रखी जाएगी। सैलून की दुकानें सारा दिन खुलेंगी, पार्क खोलने की अनुमति होगी। उनके लिए जिन्होंने वैक्सीन की खुराक ली है, वहीं जिनके कोरोना टेस्ट हुए होंगे, ढाबा, बार, होटल, रेस्टोरेंट को खोलने की अनुमति दी गई है।