बाड़ी ब्राह्मणा। ब्लॉक बाड़ी ब्राह्मणा और पुरमंडल के पंचायत घरों में सरकार के आदेश अनुसार कोविड अस्पतालों को पंचायत स्तर पर बनाया गया है। ताकि कोरोना महामारी से ग्रामीण क्षेत्रों को बचाया जा सके। इन अस्पतालों में अभी भी सुविधाओं का अभाव है। कहीं पर पानी की समस्या है, तो कहीं पंखे की समस्या, तो कहीं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी चीजों का अभाव।
बाड़ी ब्राह्मणा ब्लॉक की पंचायत अपर कार्थोली में पंचायतघर में कोविड अस्पताल बनाया गया है। अस्पताल के बारे में सरपंच तरसेम सिंह ने बताया कि अभी जल शक्ति विभाग द्वारा पानी की पाइप बाथरूम तक पहुंचाना बाकी है। दूसरी ओर अस्पताल के कमरों में खिड़कियां तो हैं, लेकिन उन पर मच्छर मक्खी के बचाव के लिए जाली लगाना जरूरी है। इसके लिए सीएमओ ने भी आदेश दे दिया है। उसके बावजूद भी अभी उसका काम पूरा नहीं हो पाया है। दूसरी ओर अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं पहुंच पाया है। अस्पताल में सांस की तकलीफ के चलते मरीज को भर्ती कराया जाता है। तो उसके लिए काफी परेशानी हो सकती है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारियों की नियुक्ति अस्पताल में स्थायी कर्मचारी नियुक्त नहीं किया गया है। वह मोबाइल के जरिये ही सरपंच से पूछ लेते हैं कि कोई मरीज भर्ती तो नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल तो बना दिया गया है, लेकिन अभी बहुत ही सुविधाओं का अभाव है। दूसरी ओर खड़ा मदाना प्राइमरी हेल्थ सेंटर की इमारत में अस्पताल बनाया गया है। सरपंच अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि उसमें भी खिड़कियां लगना बाकी है। टंकी को पानी से भरने के लिए खुद बाल्टी से पानी डालना पड़ता है। अस्पताल में पंखों का अभाव है, जिसके चलते मरीज को गर्मी से भी जूझना पड़ सकता है। इस अस्पताल में भी अभी तक ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारु नहीं की गई है।