आरएस पुरा। रविवार को उपजिले में 178 लोगों के कोविंड टेस्टिंग की गई। इसमें उपजिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में नियुक्त एक डॉक्टर सहित कुल दो लोग संक्रमित गए, जिन्हें होम आइसोलेशन किया गया। दूसरी ओर बनाए केंद्रों में वैक्सीन की डोज लगाए जाने के साथ कई लोगों को बूस्टर डोज लगाई। कार्यकारी ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. मनोज गुप्ता ने लोगों से आग्रह किया कि उपजिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले पहले कोविड का टेस्ट कराएं ताकि इस महामारी से बचा जा सके। संवाद
बिश्नाह में 41 टेस्ट में दो पॉजिटिव
बिश्नाह। कोविड जांच केंद्र में रविवार को 41 लोगों के टेस्ट हुए। इनमें से दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं उनमें से एक वार्ड-एक का निवासी है। जबकि दूसरा गांव कोटली चाड़का का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार लोगों को इस बीमारी से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। वाहनों की मदद से लोगों को स्पीकर लगाकर सचेत किया जा रहा है। कोविड केंद्र के सुपरवाइजर सुरजीत राजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के बीच जाकर इस बीमारी से कैसे बचा जाए उसके प्रति सचेत कर रही है। लोग इसका पालन भी कर रहे हैं। कुछ दिन से कोविड जांच केंद्र में पॉजिटिव की संख्या घट भी रही है। संवाद
बाड़ी ब्राह्मणा में तेजी से पैर पसार रहा है कोरोना
बाड़ी ब्राह्मणा। सप्ताहिक पाबंदी का ऐलान प्रशासन की तरफ से जिले में कर दिया गया है। इसको सफल बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जा रही है। बिना मास्क वालों का जुर्माना किया जा रहा है।
बाड़ी ब्राह्मणा में रविवार को कोरोना के चार मामले सामने आए हैं। उनको घरों में ही आइसोलेट रहने के लिए कहा गया है। उसके अलावा शनिवार को पांच अलग-अलग स्थानों पर कोरोना के मामले आए हैं, जिनमें बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज और उसके अलावा गांव में भी कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। वहीं बाड़ी ब्राह्मणा में कुल 4 माइक्त्रसे कंटेनमेंट जोन अभी भी चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ बताया गया है कि तीन से चार कंटेनमेंट जोन और भी कल तक बन सकते हैं। क्योंकि कोरोना को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। कोरोना के मामले जहां भी निकल कर सामने आ रहे हैं वहीं कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा रहा है। उसके बाद बड़े पैमाने पर टेस्टिंग की जा रही है। दूसरी ओर बाड़ी ब्राह्मणा के लिए राहत की बात यह है कि अभी तक ओमिक्रॉन का एक भी मामला पॉजिटिव नहीं पाया गया है।
सांबा में संक्रमितों के 112 मामले आए सामने
पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के 26 जवान शामिल हैं
सांबा। बढ़ रही ठंड से कोरोना भी बेलगाम होता जा रहा है। जिले में तेजी से कोरोना संक्रमितों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जिले में रविवार को कोरोना का ग्राफ 112 तक पहुंच गया है। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज विजयपुर के 26 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए।
पुलिस थाना पुरमंडल का एक जवान कोरोना संक्रमित, सांबा में नौ संक्रमित मिले। इनमें छह लोग दूसरे राज्यों से आने वाले संक्रमित पाए गए। बाड़ी ब्राह्मणा से 22 संक्रमित, बीएसएफ के तीन जवान, सरकारी हासस घो ब्राह्मणा के 4 शिक्षक कोरोना संक्रमित, विजयपुर से 16 मामले आए, सरकारी हासस स्वांखा के दो शिक्षक, पांच छात्र भी संक्रमित पाए गए, गुड़ा मोड़ में एक निजी स्कूल का शिक्षक व दो छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए। पशु पालन विभाग का एक कर्मचारी भी संक्रमित मिला। रामगढ़ तहसील से भी कोरोना संक्रमितों के मामल आए हैं। कोरोना संक्रमितों के मामलों में आ रहा उछाल जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा रहा है।
जिले के धार्मिक स्थलों पर जाने वालों के किए जा रहे टेस्ट
सांबा। जिले में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए धार्मिक स्थलों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के कोरोना टेस्ट किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता के अनुसार घगवाल में स्थित नृसिंह मंदिर में कोविड टेस्ट केंद्र बनाया गया है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की जांच की जा रही है। इससे पहले सभी सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए भी टेस्ट किए जा रहे हैं। संवाद