मीरां साहिब। ग्रामीण क्षेत्र की पंचायतों में बनाए गए कोविड केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। मीरां साहिब के कन्या सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में पांच बिस्तरों के बनाए कें द्र में मात्र दो बिस्तर ही लगाए गए हैं। हालत यह है कि इस केंद्र में मंगलवार को देखा गया कि न तो ग्रामीण विकास विभाग का कोई कर्मी है, और न ही स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी। स्कूल में शिक्षा विभाग की तरफ से नियुक्त तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मी वहां मौजूद रहें।
कोविड केयर केंद्र के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर सुबह 11 बजे के करीब ताला खोल केंद्र दिखाया गया। उन्होंने बताया कि पहले यहां सात- आठ लोग थे। जो ठीक होने के बाद चले गए और अब कोई अन्य पॉजिटिव नहीं आया। पंचायत मलिकपुर के सरपंच रमेश कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से पंचायतों में कई कोविड सेंटर तो बना दिए लेकिन यहां पर पॉजिटिव के पहुंचने पर कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं, जो रोगियों को समय-समय दवाइयों के बारे में जानकारी मुहैया कराई जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा ही स्वास्थ्य व ग्रामीण विभाग से संपर्क करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में जरूर कमी आई है, लेकिन आज भी पहले जैसे हालत हैं। सरकार को कारगर कदम उठाने चाहिए, ताकि रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।