बिश्नाह। प्रशासन ने कस्बे के दुकानदारों और उनके कर्मचारियों के लिए दो दिन कोविड वैक्सीन केंद्र में टीकाकरण की अनुमति दी। इसके बाद बुधवार को कस्बे के दुकानदारों में टीकाकरण को लेकर काफी उत्साह देखा गया। डिग्री कॉलेज में बनाए गए टीका केंद्र में दुकानदारों और उनके कर्मचारियों ने वैक्सीन ली। इस मौके पर म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन राजन शर्मा, कस्बे के व्यापार मंडल के प्रधान पंडित नारायण दत्त शर्मा, डीडीसी मेंबर धर्मेंद्र कुमार, कमेटी के उप चेयरमैन रमेश लाल, पार्षद कुलबीर सिंह लगहे और स्थानीय बीएमओ राकेश मगोतरा मौजूद रहे। पूर्व विधायक अश्वनी कुमार शर्मा ने भी टीकाकरण केंद्र पर आकर वैक्सीन लेने आए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस केंद्र पर पहले दिन 405 लोगों ने कोविड वैक्सीन ली। यह सिलसिला वीरवार को भी जारी रहेगा। केंद्र पर 287 रैपिड टेस्ट किए गए जिनमें छह लोग संक्रमित मिले। वहीं, कस्बे के व्यापार मंडल के प्रधान पंडित नारायण दत्त शर्मा ने दुकानदारों के टीकाकरण के लिए प्रशासन का धन्यवाद दिया। संवाद