रियासी। जिले में कोरोना के मामले बढ़ने का सिलसिला जारी है। बुधवार को पौनी कस्बे में पंद्रह और मामले आने पर बाजार को बंद कर दिया गया है। सनद रहे कि बुधवार को आम दिनों की तरह मुख्य बाजार खुला था। मगर कुछ ही देर बाद पहुंची प्रशासन और पुलिस की एक टीम ने दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया। इस दौरान लाउडस्पीकर के जरिये भी लोगों से दुकानें बंद करने की अपील की गई। सनद रहे कि पौनी में दुकानदारों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे थे, जिनमें 15 केस मिले हैं। हालांकि पौनी का अपर बाजार खुला रहा।
तहसीलदार लेखराज ने बताया कि वीरवार को सभी दुकानदारों के रेपिड टेस्ट होंगे। इसके बाद जो दुकानदार निगेटिव पाया जाएगा उसे ही दुुकान खोलने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही पूरे नगर को सैनिटाइज किया जाएगा। उधर, रियासी नगर के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की मुख्य शाखा को भी दोपहर को बंद कर दिया गया। बैंक का एक कर्मचारी मंगलवार को संक्रमित मिला था। वहीं, बुधवार को एक और कर्मी संक्रमित मिला है। बैंक अब अगले चार दिन तक बंद रहेगा।