मंगलवार को सात संक्रमित मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इनमें सीडी अस्पताल जम्मू से एक, जिला अस्पताल गांदरबल से दो, स्किम्स बेमिना से तीन और स्किम्स सौरा से एक मरीज को घर भेजा गया। अब तक कुल 81 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इनमें जम्मू संभाग में 17 और कश्मीर संभाग में 64 मरीज हैं। जम्मू संभाग में एक और कश्मीर में अब तक 4 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।
शोपियां के एक गांव में मिले आठ संक्रमित
घाटी में मिले 11 नए मरीजों में 10 मरीज शोपियां जिले में पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक ही गांव से आठ मरीज हैं। इस गांव में अब तक 20 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिले में पॉजिटिव मामले 30 हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जिले में सोमवार तक 22 मामले थे, इनमें से दो को स्वस्थ होने पर घर भेज दिया गया। मंगलवार को सामने आए आठ मामलों के साथ यह गांव जिले का सबसे ज़्यादा संक्रमित मरीजों वाला गांव बन गया है। जिले में बड़े स्तर पर कांटेक्ट ट्रेसिंग जारी है।
719 नए लोग निगरानी में लिए
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 719 लोग निगरानी में लिए गए। अब तक पॉजिटिव, उनके संपर्क और विदेश यात्रा वाले 6, 493 लोग निगरानी में लिए जा चुके हैं। इसमें 6,032 को घर पर क्वारंटीन, 294 को अस्पताल में आइसोलेशन, 248 को अस्पताल में क्वारंटीन और 17,421 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है। इनमें 38,493 लोगों ने सर्विलांस अवधि पूरी कर ली है। अब तक 9,220 सैंपल में से 8,840 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।