बाड़ी ब्राह्मणा। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वैक्सीन आने को लेकर प्राथमिक स्तर की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीएमओ शमीम अहमद चौधरी ने बताया कि कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रथम स्तर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसमें डिप्टी सीएमओ स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है। उसके बाद निचले स्टाफ को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। दूसरी ओर वैक्सीन के लिए लोगों का ऑनलाइन रिकॉर्ड भी मंगा कर भरा जा रहा है। ताकि वैक्सीन आने से पहले की तैयारियां पुख्ता की जा सकें। उन्होंने कहा कि वैक्सीन आने के बाद ही पता चलेगा कि लोगों तक कैसे पहुंचानी है। इसका कैसे उपयोग करना है। फिलहाल अभी प्राथमिक स्तर की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संवाद
----------------
कोरोना की रोकथाम के लिए जांच जारी
बाड़ी ब्राह्मणा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना की रफ्तार रोकने के लिए जांच जारी है। कोरोना टेस्टिंग सेंटर के साथ-साथ डोर टू डोर टेस्टिंग भी लगातार स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी है। दो दिन में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बाड़ी ब्राह्मणा में लगभग 386 टेस्ट किए गए हैं। इसमें कुल चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग फैक्ट्रियों में शिविर लगाकर भी जांच कर रहा है। ज्यादातर शिविर की जरूरत जिस स्टेशन पर पड़ती है वहां तुरंत शिविर लगा दिया जाता है। उस क्षेत्र में जांच बड़े पैमाने पर की जाती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में कोरोना के इक्का-दुक्का मामले ही सामने आ रहे हैं। स्थिति लगभग सामान्य होती नजर आ रही है। संवाद