रठाना मोड़ पुलिस नाके पर लगाये गए शिविर में लोगों की जांच करती मेडिकल टीम।
अखनूर। कस्बे के उप जिला अस्पताल में कोरोना वायरस की जांच के दौरान 23 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें उप जिला अस्पताल से एक डॉक्टर सहित नौ पैरामेडिकल कर्मचारी भी शामिल हैं। एक साथ अखनूर अस्पताल में रिकॉर्ड संक्रमित कर्मचारी आने पर अस्पताल में चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया। सभी संक्रमितों को घरों में क्वारंटीन किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कस्बे के उप जिला अस्पताल में जांच हुई। इसमें 23 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक महिला डॉक्टर सहित अन्य नौ कर्मचारी भी शामिल हैं। अस्पताल अखनूर में पहली बार एक साथ इतने पॉजिटिव आने पर चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया है। वहीं 14 अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। दो अन्य डॉक्टर पहले ही पॉजिटिव आए हुए हैं। बीएमओ अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल में नौ कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
-------------------
रैपिड एंटीजन टेस्ट में एक का सैंपल पॉजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की तरफ से शिविर लगाकर संक्रिमतों की जांच करने का सिलसिला जारी है। इसी सिलसिले में शनिवार को भी टीम ने क्षेत्र के दो स्थानों पर शिविर लगाकर 225 लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट के तहत सैंपल लिए। इसमें पंजाब निवासी एक व्यक्ति का सैंपल पॉजिटिव पाया गया।
रठाना मोड़ पर पुलिस नाके पर शिविर लगा कर 150 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से सभी के सैंपल निगेटिव पाए गए। वहीं कठार नाके पर 75 लोगों के सैंपल लिए गए। जिनमे एक पंजाब निवासी का सैंपल पॉजिटिव पाया गया, जिसे जरूरी हिदायतें देकर घर में ही रहने को कहा गया।