बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा जेएंडके बैंक की एक महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। जानकारी के अनुसार इस कर्मचारी में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। कर्मचारी को पहले हल्का बुखार था, लेकिन उसके बाद जब बुखार तेज होने लगा तो उसने अपना कोरोना का टेस्ट कराना जरूरी समझा। उसके बाद 25 मई को महिला कर्मचारी ने गांधीनगर में टेस्ट कराया। रैपिड टेस्ट कराने के बाद इसकी रिपोर्ट मंगलवार शाम को पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। यह महिला कर्मचारी जम्मू के गांधी नगर क्षेत्र की बताई जा रही है।
बीएमओ शमीम चौधरी के अनुसार जेएंडके बैंक के कर्मचारियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। बुधवार को बैंक की शाखा से पांच लोगों का कोरोना का टेस्ट कराया गया है, जिनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। उसके बाद कांटेक्ट ट्रेसिंग में जितने भी लोग हैं, उनका भी कोरोना का टेस्ट कराया जाएगा। रिपोर्ट आने तक बैंक की शाखा को बंद करने के लिए कह दिया गया है।