बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राहमणा में स्थित यूफलैक्स फैक्टरी का एक और कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है। उसके संपर्क में आए दो और लोग पॉजिटिव आ गए हैं। यह दोनों फैक्टरी के कर्मचारी नहीं हैं। इस तरह से फैक्टरी के करीब सात कर्मचारी पॉजिटिव आ गए हैं, लेकिन उसके उपरांत भी फैक्टरी को बंद नहीं कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को रिपोर्ट में एक और कर्मचारी पॉजिटिव आ गया है। वह यूफ्लैक्स के जे टू का कर्मचारी है। उसे अस्पताल में भेज दिया गया है। उसके साथ काम करने वाले बाकी कर्मचारियों का टेस्ट करा लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस फैक्टरी के करीब 30 कर्मचारियों का सरकारी टेस्ट हुआ है। जबकि फैक्टरी की तरफ से अपने स्तर पर सभी कर्मचारियों का टेस्ट करवा लिया गया है। कंपनी के पॉजिटिव मामले आने के बाद भी कंपनी के कर्मचारियों का अपनी तरफ से ही कोरोना के टेस्ट कराए जा रहे हैं जोकि स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के लिए एक चिंताजनक बात है। क्योंकि कोरोना में जब भी कोई पॉजिटिव पाया जाता है तो स्वास्थ्य विभाग एस ओ पी के हिसाब से आगे की कार्रवाई करता है, लेकिन यूफ्लेक्स के ज्यादातर कर्मचारियों का टेस्ट कंपनी के हिसाब से ही कराया जा रहा है। दूसरी ओर यूफ्लेक्स की नोएडा से टीम को बुलाया गया था। उनके टेस्ट की रिपोर्ट भी आना बाकी है। उसके बाद ही पता चलेगा कि फैक्टरी के कुल कितने कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव है। दूसरी तरफ फैक्टरी प्रशासन की तरफ से अपने कई कर्मचारियों को घरों से काम करने के लिए कह दिया गया है। ताकि फैक्टरी में कम हाजिरी हो सके।
प्रशासन की तरफ से इस मामले में बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। प्रशासन की तरफ से फैक्टरी में कोई सख्ती नहीं की गई है। बुधवार को इस जिले के दो अफसरों का उपराज्यपाल की तरफ से कोरोना में काम करने के लिए सम्मानित किया गया है, लेकिन अगर देखा जाए तो जमीनी स्तर पर इस प्रकार से काम किया जा रहा है। एक फैक्टरी में मामले बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से उस फैक्टरी में कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है।
बता दें कि इसी तरह से शीतल पेय बनाने वाली फैक्टरी मे मामला हुआ था, जिसके बाद कई कर्मचारी पॉजिटिव आ गए थे। प्रशासन की तरफ से उस समय इस फैक्टरी के कामकाज को बंद करा दिया गया था, लेकिन इस फैक्टरी को अभी चलने दिया जा रहा है।